छेड़छाड़ का आरोपी युवक व आगरा किला।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा किला में बुधवार को लिथुआनिया की पर्यटक से छेड़छाड़ की गई। प्रवेश द्वार पर कतार में खड़ा हरियाणा के मेवात का युवक उन्हें गलत तरीके से छू रहा था। उन्होंने शोर मचाते हुए युवक को पकड़ लिया। पर्यटन थाने में केस दर्ज कर आरोपी मिजान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घटना बुधवार दोपहर 2 बजे की है। लिथुआनिया की पर्यटक ने पुलिस को बताया कि वह अपने पुरुष मित्र के साथ इसी सप्ताह भारत भ्रमण पर आई है। दोनों किले में प्रवेश कर रहे थे। चेकिंग से पहले कतार लगी थी। तभी उनके पीछे आरोपी युवक आया। वह गलत तरीके से छूने लगा।
एसीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि विदेशी युवती ने पहले ध्यान नहीं दिया। बाद में युवक की हरकत बढ़ने पर उन्हें छेड़छाड़ का अहसास हुआ। उन्होंने युवक का हाथ पकड़ लिया। वह भागने लगा। उसे अन्य पर्यटकों की मदद से पकड़ लिया गया। शोर होने पर पर्यटन पुलिस आ गई। उन्होंने युवक को गिरफ्तार कर लिया।
आज कोर्ट में करेंगे पेश
एसीपी ने बताया कि आरोपी मिजान हरियाणा के मेवात का रहने वाला है। उसकी उम्र 22 साल है। उससे पूछताछ की गई। उसने ज्यादा जानकारी नहीं दी। यही बताया कि वह घूमने आया था। युवती से हाथ छू गया था। उसके परिवार के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दहशत में पीड़िता
लिथुआनिया की पर्यटक इस घटना के बाद से दहशत में हैं। हालांकि उन्होंने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। अपने बयान दर्ज कराए। मेडिकल भी कराया गया। उनके मित्र ने तहरीर दी। इस पर केस दर्ज किया गया है। शाम को दोनों दिल्ली के लिए चले गए। बृहस्पतिवार को उनकी फ्लाइट है।
पहले भी हुईं घटनाएं
पर्यटकों के साथ लपकों के ठगी करने की घटनाएं आम बात हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद छेड़छाड़ की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। 3 अप्रैल को ताजमहल का दीदार करने आईं चेक रिपब्लिकन की युवती से पश्चिमी गेट की पार्किंग में एक युवक ने छेड़छाड़ की थी। पर्यटन थाने में शिकायत की। फरवरी 2020 में ताजमहल के अंदर कोलकाता की युवती से छेड़छाड़ की गई थी। मेरठ के एक गांव के प्रधान ने फोटो खींच ली थी। केस दर्ज हुआ था। वर्ष 2013 में भी ताज के अंदर कोरियाई युवती से छेड़छाड़ की घटना हुई थी। आरोपी को पकड़ लिया गया था।