टूंडला। घर के पास झूलते तारों की चपेट में आकर छत से गिरकर युवक की मौत के मामले में आक्रोशित परिजन बुधवार रात विद्युत निगम के मुआवजा देने के लिखित आश्वासन पर माने। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद निवासी मलखान सिंह उर्फ मोनू (20) पुत्र जवाहर सिंह बुधवार रात नौ बजे करीब घर की छत के निकट से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तारों की चपेट में आकर छत से गिर गया था। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए विद्युत उपकेंद्र मोहम्मदाबाद पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की थी। परिजनों का आरोप था कि विद्युत निगम की लापरवाही के कारण मलखान की मौत हुई है।
पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझाने की कोशिश की थी लेकिन परिजनों ने शव को उठने नहीं दिया था। देररात मौके पर पहुंचे एक्सईएन एलबी सिंह ने मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन और जर्जर तारों को सही कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को उठने दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
20-25 ग्रामीणों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
टूंडला। विद्युत करेंट से युवक की मौत होने पर विद्युत सब स्टेशन पर की गयी तोड़फोड़ व कर्मचारियों के मामले में विभाग के एसएसओ गिरीश बाबू ने पुलिस में करीब 20-25 ग्रामीणों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।