रफ़रोजाबाद ! जिला अस्पताल में कोरोना बैक्सीन लगवाता युवक
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए लोग जागरूक हैं। यही कारण है कि अब तक जिले में साढ़े नौ लाख से अधिक लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवा लिया है। टीकाकरण कराने में वृद्ध और प्रौढ़ लोगों के मुकाबले युवाओं की संख्या अधिक है। हालांकि जिले में वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने से लोग हिचक रहे हैं।
जिले में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की अपूर्ति तेज हो गई है। एक बार में 40 से 60 हजार डोज तक भेजी जा रही हैं। इसका ही परिणाम है कि जनपद में टीकाकरण में तेजी आई है। जिले में नौ लाख 51 हजार 330 लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा चुकी हैं। इसमें सात लाख 82 हजार 464 लोगों ने पहली डोज लगवा ली है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का कारण है कि लोग दूसरी डोज लगवाने के लिए तत्परता नहीं दिखा रहे हैं। जिले में सिर्फ एक लाख 68,866 लोगों ने ही कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण तेजी से चल रहा है लेकिन जिले में दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या कम है। हम लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि दोनों डोज लगवाने के बाद ही वैक्सीन का फायदा है। लोग समय पूरा होने पर दूसरी डोज जरूर लगवाएं।
डॉ. एके श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी