कोहरे ने रोकी वाहनों की रफ्तार, छह घंटे देरी से पहुंची कालिंदी एक्सप्रेस
- बस सेवा भी हो रही प्रभावित, यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जनपद में कोहरे के चलते यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को भी दोपहर 12 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई। भिवानी से चलकर जनपद होकर कानपुर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस 6 घंटा 20 मिनट की देरी से पहुंची। इससे मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी से जूझते हुए देखा गया।
शुक्रवार को सुबह लोग जागे तो पूरी तरह से वातावरण कोहरे से ढका हुआ था। कोहरे के चलते लोग कार्यालय और अन्य कामों के लिए घर से देरी से निकल सके। घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई। बसों के साथ ही ट्रेनों का अवागमन भी देरी से रहा। भिवानी से चलकर कानपुर जाने वाले गाड़ी संख्या 14118 कालिंदी एक्सप्रेस मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय सुबह तीन बजकर 50 मिनट के स्थान पर 10 बजकर 10 मिनट पर छह घंटा 20 मिनट देरी से पहुंची। वहीं फर्रुखाबाद पैसेंजर और कासगंज -शिकोहाबद पैसेंजर ट्रेन भी लगभग एक घंटे देरी से मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके चलते यात्रियों को परेशान देखा गया।
जिले के तापमान में शुक्रवार को दो अंकों की गिरावट आई। न्यूनतम तापमान जो बृहस्पतिवार को 8 डिग्री था शुक्रवार को छह डिग्री नापा गया। गलन और सर्दी से लोग परेशान देखे गए। सबसे अधिक परेशान पशु पालकों को देखा गया। सर्दी के चलते पशुओं की देखभाल की चिंता बढ़ गई है। वहीं किसान अपने खेतों की सिंचाई भी समय से नहीं कर पा रहे हैं।