बुधवार को गुजरात से पर्यटक आगरा ताजमहल देखने के लिए आए थे। उनके साथ पांच साल की बच्ची थी। स्मारक में प्रवेश करते ही रॉयल गेट की सीढि़यों से बच्ची का पैर फिसल गया। बच्ची के सिर में चोट आई। सुरक्षा कर्मियों ने बच्ची को पूर्वी गेट स्थित डिस्पेंसरी भेजा। इसके बाद पर्यटक बच्ची को लेकर चले गए।
6 से 8 फरवरी तक शाहजहां का उर्स
आगरा। शाहजहां का 369वां उर्स 6 से 8 फरवरी तक मनाया जाएगा। बुधवार को उर्स कमेटी और अमन कमेटी की संयुक्त बैठक में यह निर्णय हुआ है। ताजमहल के दक्षिणी गेट को उर्स के दौरान खोलने की मांग उठाई। वहीं, प्रशासन ने मंत्रालय से अनुमति मिलने पर गेट खोलने की बात कही। सैय्यद मुनव्वर अली और इब्राहिम हुसैन जैदी ने कहा गेट खुलवाने के प्रयास जारी रहेंगे। जरूरत पड़ी तो कोर्ट की शरण लेंगे।
उर्स में 6 फरवरी को गुस्ल, 7 फरवरी को संदल और 8 फरवरी को कुल शरीफ कुरान खानी की रस्म अदा की जाएगी। 8 फरवरी को सुबह कुल शरीफ खानी फातिहा व चादर पोशी होगी। बैठक में हाजी मिर्जा आसिम बेग, आरिफ तैमूरी, हाफिज तनवीर, हाफिज सलाउद्दीन गाजी, विलाल कुरैशी, जमीलउद्दीन कुरैशी आदि मौजूद रहे।
मित्र देशों के कैडेट्स ने निहारा ताज और किला
23 मित्र देशों के 198 कैडेट्स और 43 ऑफिसर्स ने बुधवार को ताजमहल और आगरा किला का दीदार किया। रक्षा मंत्रालय व एनसीसी निदेशालय की तरफ से यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भ्रमण हुआ। टीम का नेतृत्व कर्नल प्रेम सिंह ने किया। समूह में शामिल सभी सदस्यों ने फोटो खिंचाए। इस दौरान सेना व एनसीसी के अधिकारी मौजूद रहे।