मथुरा से सटे भरतपुर में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने राजस्थान में छह बैंकों में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले पांच शातिर बदमाशों को दबोच लिया है। पुलिस ने इन बदमाशों के कब्जे से दो देसी कट्टे, 11 जिंदा कारतूस, दो बाइक व अन्य हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने गत 5 जनवरी को भरतपुर जिले के वैर कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक में दिनदहाड़े 6 लाख रुपए की लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद बदमाशों ने बाछरेन पंजाब नेशनल बैंक में भी सेंधमारी का प्रयास किया था। जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि घटना के बाद बदमाशों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। एडिशनल एसपी राजेंद्र वर्मा सीओ भुसावर निहाल सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक प्रेम सिंह भास्कर, सहायक उपनिरीक्षक रामवीर सिंह पुलिस टीम के साथ बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
मखुबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने इन पांचों शातिरों को वैर इलाके के जीवद बांध के पास से घेराबंदी करके दबोच लिया है। एसपी श्याम सिंह ने बताया कि शातिर बदमाशों ने राजस्थान की छह बैंकों में लूटपाट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने वैर कस्बे की पीएनबी बैंक में 6 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम देने के साथ ही सवाई माधोपुर जिले के बामनवास बैंक ऑफ बड़ौदा कोयला शाखा से 5 लाख 60 हजार रुपए लूटे थे।
इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक शाखा अमरगढ़ करौली से 23 हजार रुपए लूट की वारदात की थी। एसपी ने बताया कि दौसा जिले में राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक बिलोना कला शाखा से 7 लाख 90 हजार रुपए की राशि लूटी थी। करौली जिले के नादौती में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कैमला शाखा से 9 लाख 60 हजार रुपए इन बदमाशों ने लूटे थे। वहीं पंजाब नेशनल बैंक आवा शाखा जिला टोंक से भी इन बदमाशों ने 4 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
एसपी श्याम सिंह ने बताया कि सभी शातिर बदमाश भरतपुर के पड़ोसी जिला धौलपुर के विभिन्न थाना इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस सभी बदमाशों से कड़ी पूछताछ कर रही है और कई बड़े खुलासे होने की भी पुलिस द्वारा संभावना जताई जा रही है। बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस निरीक्षक प्रेम सिंह भास्कर, सहायक उपनिरीक्षक रामवीर सिंह, कांस्टेबल हेमेंद्र सिंह, पवन कुमार, जगबीर सिंह, गुमान सिंह, बलराम सिंह, हरिचरण, उमेश कुमार, मनोज कुमार की विशेष भूमिका रही है।