म्यूटेशन से बन रहे नए वैरिएंट
एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर गोयल ने बताया कि कोरोना वायरस म्यूटेट होकर नए वैरिएंट को जन्म दे रहा है। इससे पहले डेल्टा, डेल्टा प्लस, कप्पा और अब ओमिक्रॉन वैरिएंट सामने है।
आगरा में नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग में डेल्टा और ओमिक्रॉन मिला है। ऐसे में इन दोनों के म्यूटेट होने पर डेल्टाक्रॉन का खतरा है। वैसे अभी इस वैरिएंट का देश में कोई वायरस नहीं मिला है। म्यूटेशन के कारण भविष्य में और वैरिएंट आएंगे। बेहतर यही है कि टीकाकरण और कोविड के नियमों के बीच जिंदगी जीएं।
ठीक हो चुके हैं ओमिक्रॉन-डेल्टा के मरीज
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तीसरी लहर में सात नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट मिली है। 21 साल की युवती और 48 साल के चिकित्सक में ओमिक्रॉन और 56 साल की महिला और 40 साल के युवक में डेल्टा वैरिएंट मिला है। यह सभी ठीक हो चुके हैं। डॉक्टर फिर से सेवाएं दे रहे हैं। इसमें से युवती ट्रेस नहीं हो पा रही, लेकिन यह नमूने बीते महीने के हैं, ऐसे में वह भी ठीक हो चुकी होंगी।
देर से आ रहे लक्षण, हल्का बुखार-खांसी
रैपिड रिस्पांस टीम के डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि 45 से 55 फीसदी में लक्षण प्रतीत नहीं हो रहे हैं। यह संक्रमित के संपर्क में आने या फिर यात्रा में जाने के दौरान इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे 40 फीसदी में लक्षण पॉजिटिव होने के 12 से 24 घंटे बाद उभर रहे हैं। इनमें हल्का बुखार, खांसी, जुकाम की परेशानी है। ऑक्सीजन की मात्रा कम नहीं हो रही। जो लोग अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, उनकी हालत खराब है। दूसरी लहर में तेज बुखार के साथ ऑक्सीजन का स्तर तेजी से कम हो रहा था।
ये वैरिएंट मिल चुके
ओमिक्रॉन : कोरोना की तीसरी लहर (दिसंबर 2021) में 30 से अधिक नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए, इसमें से दो में ओमिक्रॉन मिला।
डेल्टा : दूसरी लहर (मई-जून 2021) में 90 नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग को भेजे गए, जिसमें से करीब 30 में डेल्टा वैरिएंट की पुष्टि हुई।
कप्पा : पहली लहर (जनवरी 2021) में कप्पा वैरिएंट की पुष्टि हुई। एक ही मरीज में यह वैरिएंट मिला, जिसकी उम्र 21 साल थी, जो दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी।
अज्ञात वैरिएंट : पहली लहर (फरवरी 2021) में ट्रांसयमुना कॉलोनी के 30 साल के युवक में अज्ञात वैरिएंट मिला। यह टैक्सी चालक है, घर पर ही ठीक हो गया।
पालक-मेथी, दाल खाएं, रोज करें योग
जिला अस्पताल की डायटीशियन ललितेश शर्मा का कहना है कि इन दिनों हरी सब्जी बाजार में खूब आ रही हैं। पालक, मेथी, दालें समेत हरी सब्जी का भोजन में उपयोग करें। सलाद में गाजर, चुकंदर लें। इससे प्रोटीन समेत अन्य पौषक तत्व शरीर में पहुंचेंगे। इससे वजन नहीं बढ़ेगा, रोग प्रतिरोधक क्षमता तेजी से विकसित होगी। घर में 20 से 30 मिनट योग या फिर व्यायाम की भी आदत डालें। बच्चों को दूध, ड्राई फ्रूट्स, चने, मूंगफली खाने को दें।