ट्रेन के कोच में बना रेस्टोरेंट
- फोटो : अमर उजाला
रेल में यात्रा के दौरान आपने कोच में खाना खाया होगा। यह अनुभव अब आप बिना यात्रा किए पा सकते हैं। रेलवे स्टेशन के बाहर पुराने कोचों में रेस्टोरेंट खोलने की योजना बना रहा है। पहला रेल कोच रेस्टोरेंट आगरा के ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर खुली जगह में खुलेगा। रेल कोच रेस्टोरेंट के आसपास रेलवे हेरीटेज पार्क भी विकसित किए जाएंगे।
रेलवे के पास 28 पुराने कोच कैंट स्टेशन पर रखे हुए हैं। इनमें कोविड के दौरान आइसोलेशन कोच बनाए गए थे। आगरा रेल मंडल की वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि पुराने कोचों को मिलाकर रेस्टोरेंट खोलने के लिए स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं।
यात्रियों को लुभाएगा रेल कोच रेस्टोरेंट
पहला कोच रेस्टोरेंट ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर बनेगा। आकर्षक ढंग से इनकी सजावट होगी। नामी-गिरामी रेस्टोरेंट चैन व फर्मों से टेंडर आमंत्रित किए जा रहे हैं। रेलवे की विरासतों के प्रदर्शन के लिए रेस्टोरेंट के आसपास हेरीटेज पार्क बनाने का प्रस्ताव है। 6-7 महीने में ये रेस्टोरेंट शुरू होंगे।
थीम रेस्टोरेंट का बढ़ रहा क्रेज
थीम पर आधारित रेस्टोरेंट व कैफे का क्रेज बढ़ रहा है। शहर में फिल्म, जेल, जंगल आदि थीम पर निजी रेस्टोरेंट खुले हुए हैं। इसी तर्ज पर रेलवे कोच की थीम पर रेस्टोरेंट खोलने की योजना है। इन रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खाने पर रेल यात्रा का अनुभव होगा। जयपुर, दिल्ली में रेलवे इस तरह के कोच रेस्टोरेंट शुरू कर चुका है।