राजस्थान के कैलादेवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे फिरोजाबाद जिले के चार युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। चारों दोस्त थे। हादसा धौलपुर जनपद में करौली-धौलपुर हाईवे पर सरमथुरा उपखंड क्षेत्र के बरौली गांव के पास हुआ। यहां शनिवार को बोलेरो गाड़ी और कार की भिड़ंत हो गई थी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
धौलपुर के सरमथुरा थाना प्रभारी अनिल गौतम ने बताया कि फिरोजाबाद के रामनगर निवासी पांच दोस्त राजस्थान के प्रसिद्व लोकतीर्थ कैलादेवी माता के दर्शन को गए थे। शनिवार दर्शन करने के बाद में सभी लोग वैगनआर कार संख्या यूपी 80 सीओ 6983 से वापस अपने घर फिरोजाबाद जा रहे थे।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ हादसा
रास्ते में करौली-धौलपुर स्टेट हाईवे पर सरमथुरा थाना इलाके में बरौली गांव के पास सुबह करीब साढ़े दस बजे सामने से आ रही एक बोलेरो जीप संख्या यूपी 83 एडी 8428 ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सुस्ती उर्फ देवेंद्र (उम्र 30 वर्ष), प्रमोद (उम्र 35 वर्ष), अरविंद (उम्र 30 वर्ष) एवं कार चालक रीतेश (उम्र 30 वर्ष) शामिल हैं।