घने बाजार बेलनगंज में शुक्रवार शाम को चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इलेक्ट्रानिक्स के गोदाम में लगी आग ने कुछ ही देर में इलेक्ट्रानिक शोरूम और फ्लैट को भी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के प्रयास में शोरूम मालिक और उनका एक कर्मचारी झुलस गया। बाजार में अफरातफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। आग से लाखों के नुकसान का अनुमान है।
बेलनगंज चौराहे के नजदीक छत्ता निवासी राजकुमार शर्मा की चार मंजिला इमारत है। इसके प्रथम तल पर मंडी सईद खां निवासी मुकेश गुप्ता का मुस्कान लाइट के नाम से फैंसी इलेक्ट्रानिक आयटम का शोरूम है। दूसरे तल पर उन्होंने गोदाम बना रखा है, जबकि तीसरे तल पर फ्लैट है, जो बंद था। शाम तकरीबन पांच बजे मुकेश शोरूम में बैठे थे। तभी उन्हें ऊपर से धमाके की आवाज सुनाई दी। उन्होंने अपने कर्मचारी को भेजा। गोदाम में आग लगी हुई थी। मुकेश और कर्मचारी ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान उनके हाथ झुलस गए। इसके बाद मार्केट के अन्य दुकानदारों ने आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने सीढ़ियों की सहायता से शोरूम में आग को बढ़ने नहीं दिया, लेकिन तब तक आग चौथी मंजिल के फ्लैट में पहुंच चुकी थी। बंद फ्लैट में रखा फर्नीचर भी आग से नष्ट हो गया। आग की लपटें तेज होने पर भूतल पर स्थित दुकानें बंद करके दुकानदार आग बुझाने में जुट गए।
आग की लपटें चौथी मंजिल के बाद पास के कंप्यूटर शोरूम तक पहुंच गईं। इसके बाद एक दमकल को इमारत के पिछले हिस्से में आग बुझाने को भेजा गया। आग के चलते पूरे बाजार में अफरातफरी मची रही। शाम करीब सात बजे आग पर काबू पाया जा सका।
बेलनगंज का हर रास्ता जाम, लोग परेशान
अग्निकांड के दौरान पुलिस ने एक तरफ का ट्रैफिक रोक दिया। संकरे बेलनगंज बाजार में शाम के वक्त यातायात का भारी दबाव रहता है। आग लगने के कारण जाम की समस्या भीषण हो गई। बांस दरवाजा और छत्ता की ओर से लेकर सिटी स्टेशन रोड तक भीषण जाम लगा रहा। लोग परेशान रहे।