बुटीक में शॉर्ट सर्किट से शुक्रवार तड़के आग लग गई। इस बुटीक के ऊपर ही मालिक का परिवार रहता है। आग लगने से पूरा परिवार लपटों और धुएं में फंस गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
आगरा में कमला नगर स्थित कर्मयोगी एंक्लेव में शुक्रवार की भोर करीब 4 बजे एक बुटीक में आग लग गई। पहली मंजिल पर बुटीक मालिक का परिवार रहता है। लपटों और धुएं के बीच परिवार के तीन और दो किरायेदार युवतियां फंस गईं। सूचना पर दमकलकर्मी पहुंचे। 20 मिनट बाद परिवार को सुरक्षित निकाल लिया। शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
विज्ञापन
कर्मयोगी एंक्लेव निवासी मिनी अग्रवाल घर में ही बुटीक चलाती हैं। उनके दो बेटे आकाश और अनंत हैं। भवन में दो किरायेदार युवती रिया और मीना भी रहती हैं। भूतल पर बुटीक है, जबकि पहली मंजिल पर परिवार रहता है। परिवार सो रहा था। धुआं निकलने पर मिनी अग्रवाल को पता चला। उन्होंने बच्चों और अन्य लोगों को जगाया। मगर, धुआं होने की वजह से कुछ दिख नहीं रहा था।
लपटें पहली मंजिल की तरफ बढ़ रही थीं। सभी लोग दहशत में आ गए। घर के पिछले हिस्से में चले गए। इसके बाद शोर मचाया। कुछ ही देर में पड़ोसी आ गए। उन्होंने पुलिस और फायरब्रिगेड को सूचना दी। दमकल ने पहुंचकर 30 मिनट में परिवार को बाहर निकाल लिया। वहीं एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड में भूतल पर दुकान में रखे कपड़े, फर्नीचर आदि जल गए। पहली मंजिल पर भी धुएं से सामान खराब हो गया। एफएसओ संजय प्लेस सोमदत्त सोनकर ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। जांच की जा रही है।