एसएन मेडिकल काॅलेज के नेत्र रोग विभाग की कॉर्निया ट्रांसप्लांट यूनिट
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के एसएन मेडिकल काॅलेज के नेत्र रोग विभाग की कॉर्निया ट्रांसप्लांट यूनिट में बृहस्पतिवार रात करीबन 11 बजे आग लग गई। धुआं निकलता देख जूनियर डाॅक्टर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और कर्मचारियों ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आधा घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया गया है। हालांकि पुलिस जांच कर रही है।
उधर, आग से 10 लाख रुपये की मशीनें और अन्य उपकरण जल गए। एसएन मेडिकल काॅलेज में ओपीडी के सामने नेत्र विभाग की आई बैंक है। इसकी कॉर्निया ट्रांसप्लांट यूनिट में कई मशीन और उपकरण लगे हुए थे। डाॅक्टर के जाने के बाद केबिन बंद था। रात को कर्मचारी श्याम सुंदर ने केबिन से धुआं निकलता देखा। इस पर अफरातफरी मच गई। जानकारी पर जूनियर डाॅक्टर और पुलिस पहुंच गई। उन्होंने चाबी से दरवाजा खोला। मशीनों से धुआं निकल रहा था। उन्होंने आग पर काबू पाया।
आई बैंक की प्रभारी डाॅ. शैफाली मजूमदार ने बताया कि आग से स्लिट मशीन, मॉनीटर, परीक्षण मशीन आदि जल गईं हैं। 10 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है। इस कारण काॅर्निया ट्रांसप्लांट का कार्य नहीं हो सकेगा। उधर, प्राचार्य डाॅ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि आग शाॅर्ट सर्किट से लगी थी। इसे समय रहते काबू कर लिया गया। जांच के लिए समिति गठित की जाएगी।
गनीमत रही दूसरे चैंबर तक नहीं पहुंची आग
जिस केबिन में आग लगी थी, उसके बराबर में ही दूसरा केबिन भी है। इसमें काॅर्निया के लिए फ्रिज रखे हुए थे। गनीमत रही कि इन फ्रिज तक आग नहीं पहुंची।
शॉर्ट सर्किंट से लगी
एसीपी कोतवाली डाॅ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि आई बैंक के एक चैंबर में आग लगी थी। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि केबिन में लगा पंखा चालू छोड़ दिया गया था। इसमें शाॅर्ट सर्किट हुआ। वह मशीनों के ऊपर गिर गया। इससे मशीनों में आग लगी।