मैनपुरी। विकास भवन स्थित कार्यालय में पहुंचकर जिला कार्यक्रम अधिकारी औश्र अन्य स्टाफ से अभद्रता करने पर युवक के खिलाफ कोतवाली मैनपुरी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। युवक पर अपनी पत्नी की मृत्यु के संबंध में फर्जी अभिलेख तैयार करवाने का भी आरोप है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
विकास खंड किशनी के गांव बूढ़ाखेड़ा निवासी विनोद कुमार पुत्री धीरी सिंह के खिलाफ जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य ने एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में डीपीओ विनोद कुमार ने कहा कि संबंधित युवक की पत्नी मीना यादव की मृत्यु 24 अप्रैल 2021 को हो गई थी लेकिन अनुग्रह धनराशि पाने के लिए युवक ने फर्जीवाड़ा कर कोरोना से मौत बताते हुए 13 मई 2021 का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया। एसडीएम किशनी और सीएमओ मैनपुरी से ली गई आख्या के अनुसार अभिलेख फर्जी मिले।
इसके बाद से ही लगातार विनोद कुमार कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गलत कार्य के लिए दबाव बना रहा है। डीपीओ ने बताया कि 16 अगस्त को युवक उनके कार्यालय आया और उनसे व बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर अरविंद कुमार से अभद्रता करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके बाद 17 अगस्त को दोबारा विनोद कुमार कार्यालय पहुंचा और अभद्रता करते हुए स्टाफ के साथ गालीगलौज की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
----
विनोद कुमार नाम के युवक द्वारा फर्जी अभिलेख तैयार कर अनुग्रह धनराशि दिलाने का दबाव बनाया जा रहा है। मना करने पर मेरे और स्टाफ के साथ अभद्रता और गालीगलौज की गई। इसकी एफआईआर दर्ज कराई गई है।
- ज्योति शाक्य, जिला कार्यक्रम अधिकारी।