आगरा के थाना लोहामंडी में रविवार को ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के निदेशक सहित पटना के छह बुक सेलरों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और कॉपी राइट एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। ओसवाल बुक एंड लर्निंग कंपनी के कर्मचारी का आरोप है कि कंपनी के नाम से नकली पुस्तकें बनाकर बुक सेलर ऑनलाइन बेच रहे हैं। ऑनलाइन कंपनी उन्हें अपना प्लेटफार्म उपलब्ध करा रही हैं। इस मामले में पुलिस का कहना है कि विवेचना की जा रही है।
थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि ओसवाल, बुक एंड लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय एमजी रोड पर है। इनके कर्मचारी राजेश उपाध्याय ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें लिखा है कि उनकी कंपनी बुक पब्लिकेशन और विक्रय का कार्य करती है। कंपनी अधिकारियों के संज्ञान में आया कि बिहार के कई शहरों में कंपनी के नाम से किताबों की कूटरचना कर ऑनलाइन बेचा जा रहा है। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ ही सरकार को हानि पहुंचाई जा रही है।
कर्मचारी ने ऑनलाइन मंगवाई थीं किताबें
कंपनी के कर्मचारी भगत सिंह ने ऑनलाइन ओसवाल सीबीएसई एसक्यूपी दसवीं गणित की 33 किताबें अलग अलग विक्रेताओं से मंगवाईं। छह बुक सेलर से आईं किताबें कूटरचित थीं। इन्हें ऑनलाइन कंपनी फ्लिपकार्ट पर आर्डर देकर मंगवाया था। आरोप लगाया कि अवैधानिक कार्य करने के लिए ऑनलाइन प्लेटफार्म उपलब्ध कराने वाली फ्लिपकार्ट कंपनी के निदेशक भी जिम्मेदार हैं।