उत्तर प्रदेश के आगरा में दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट के एक मामले में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर की दीवार तोड़ दी। इसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं दूसरे पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मामला शमसाबाद थाना क्षेत्र के धिमश्री कस्बा का है। यहां की निवासी राजकुमारी ने बताया कि सोमवार को सुबह नौ बजे ठेरई गांव के निवासी विनोद, प्रमोद, राजेश आदि लोगों ने घर के बाहर खड़े होकर गालियां दीं। इनमें से एक व्यक्ति ने दीवार को तोड़ दिया। घर में सफाई कर रही उनकी बेटी के साथ मारपीट की। उसे बचाने के दौरान मुझे भी पीटा। एक आरोपी राजेश को पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई कर उन पर ही मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर राधा देवी नामक महिला ने बताया राजकुमारी अपने परिवार के साथ एकजुट होकर उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने अपने घर में खींच कर हमारे साथ मारपीट की। संजय अपना लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर मेरे पीछे मुझे मारने को भागा। पुलिस का कहना है कि मारपीट के मामले में जांच की जा रही है।