फिरोजाबाद। मानसिक रुप से परेशान चल रहे चार बच्चों के पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राकेश कुमार शाक्य पुत्र श्यामलाल शाक्य तीन बेटी और एक बेटे के साथ उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ममता नगर में निवास करता है। मजदूरी करके वह परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार रात राकेश ने कमरे के अंदर रस्सी से पंखे पर लटककर आत्महत्या कर ली। राकेश की पत्नी और बच्चे कमरे के बाहर सो रहे थे। राकेश द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी पत्नी और बच्चों को बुधवार सुबह हो सकी। पति को फंदे पर लटका देख राकेश की पत्नी की चीख निकल गई।
आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। राकेश पिता और भाई भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को फंदे से नीचे उतार लिया। सूचना पर थाना उत्तर प्रभारी अनूप कुमार भारतीय मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता श्यामलाल का कहना है कि उनका बेटा मानसिक रुप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। थानाध्यक्ष उत्तर अनूप कुमार भारतीय का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आत्महत्या का कारण परिजन नहीं बता सके है।