खंदौली/पिनाहट/अछनेरा। खंदौली क्षेत्र की उस्मानपुर सहकारी समिति में रविवार को डीएपी खाद नहीं मिलने से गुस्साए किसानों ने हंगामा किया। आगरा जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे समिति के सचिव ने खाद का वितरण शुरू किया, तभी किसान शांत हुए। वहीं पिनाहट और अछनेरा में भी डीएपी के लिए किसानों ने हंगामा किया।
उस्मानपुर सहकारी समिति में रविवार की दोपहर किसान डीएपी लेने पहुंचे तो वहां ताला लगा था। इस पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया। इसके बाद आगरा जलेसर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पुलिस भी पहुंची, लेकिन किसान सड़क से नहीं हटे। फिर सचिव ने पहुंचकर खाद का वितरण कराया। इसके बाद किसानों ने जाम खोला। करीब एक घंटे तक लगे रहे जाम के कारण मार्ग में दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं थी।
वहीं पिनाहट के राटोटी सहकारी समिति पर शनिवार को एक ट्रक डीएपी पहुंची। इसका भी दोपहर तक वितरण नहीं शुरू होने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने एसडीएम से शिकायत की। प्रदर्शन करने वालों में राजवीर सिंह, रामबीर पाराशर, टीकम सिंह, रविश यादव, अनवीर सिंह, दिनेश, भूरा यादव, संजय, मोनू बघेल, जयपाल शर्मा, रघुराज, सुरेश, रामशंकर, रिपुदमन सिंह, गजेंद्र, सत्यराम शर्मा और नीतेश भी रहे।
अछनेरा में भी सहकारी समिति पर रविवार तड़के से ही किसानों की लगी कतारें दोपहर में आधा किलोमीटर तक लंबी हो गई। केंद्र प्रभारी बिजेंद्र सिंह चाहर ने कट्टे कम होने की बात कही तो किसानों ने हंगामा कर दिया। इस पर तहसीलदार नीरज शर्मा, नायब तहसीलदार सत्यप्रकाश, थाना प्रभारी विपिन कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। इसके बाद 1250 किसानों को एक कट्टे की पर्ची दी गई।
वहीं किरावली में भाजपा नेता अशोक राना ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को खाद की किल्लत की जानकारी फोन के माध्यम से दी।
अछनेरा में दर्जनों महिलाएं डीएपी के लिए पहुंची थीं। बीमारी हालत के बाद भी बुजुर्ग भी लाइन में लगे थे। डीएपी नहीं मिलने की आशंका पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों को को कोसाना शुरू कर दिया।