किरावली/फतेहपुर सीकरी। सहकारी समिति कुकथला से डीएपी खाद नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को रालोद नेता दिलीप सिंह के नेतृत्व में किसानों ने किरावली-रुनकता मार्ग पर जाम लगा दिया। समिति के सचिव पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए किसानों ने नारेबाजी की। इस दौरान करीब दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। नायब तहसीलदार ने खाद वितरण का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया। सीकरी की सामरा समिति में भी किसानों ने हंगामा किया।
रालोद नेता दिलीप सिंह ने बताया कि कुकथला समिति पर चार दिन पहले 550 बोरी डीएपी आई थी। अब तक सिर्फ 175 बोरी डीएपी बांटी गई। इसके बाद वितरण बंद कर दिया गया। बृहस्पतिवार को सुबह से लाइन लगाकर किसान खड़े रहे। पर, 10 बजे तक समिति खोली ही नहीं गई। इस पर किसानों ने रूनकता किरावली रोड को जाम लगा दिया।
सूचना पर नायब तहसीलदार और चौकी प्रभारी कुकथला सोनू शर्मा पहुंचे और समझाकर किसानों को शांत कराया। इसके बाद नायब तहसीलदार ने खुद मौजूद रहकर किसानों को खाद का वितरण कराया। मौके पर दीवान सिंह, रामफल सिंह, नेत्रपाल सिंह, गोपाल सिंह, बॉबी, बाबूलाल वाल्मीकि, राकेश चौधरी, राम खिलाड़ी, राम प्रकाश, बच्चू सिंह, तेजवीर, विजय सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
वहीं सीकरी की सहकारी समिति सामरा पर भी किसानों ने हंगामा किया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया गया।
वहीं, रालोद की पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. मालती चौधरी ने बताया कि डीएपी के लिए किसान परेशान हैं। उन्हें खाद नहीं मिल रही है। इस समस्या के खिलाफ शुक्रवार को दिन में 11 बजे एसडीएम किरावली का घेराव किया जाएगा। संवाद
इधर, सहकारी समिति पिनाहट में डीएपी के लिए भोर में चार बजे से ही किसानों की लाइन लग गई थी। सुबह आठ बजे समिति पहुंचे सचिव ने भीड़ देखी, तो उन्होंने पुलिस बुलाई। इसके बाद खाद का वितरण किया। बताया कि शाम चार बजे तक पुलिस की मौजूदगी में 400 बोरी डीएपी किसानों को दी गई।