हादसे में टूटे खम्भों के पास ओवर लोडेड ट्रक।
- फोटो : Agra Dehat
अछनेरा। कस्बे की अनाज मंडी से धान लेकर बृहस्पतिवार को कुरुक्षेत्र जा रहा ट्रक विद्युत लाइन से टकरा गया। इससे तेज स्पार्किंग के साथ तीन खंभे और तार टूट गए। एक बाइक भी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई शाम करीब चार बजे हुई घटना के बाद से पूरे कस्बे की विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई। पुलिस ने चालक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार को अनाज मंडी अछनेरा से धान लेकर जा रहा ट्रक ओवरलोड था। इस कारण से अछनेरा-भरतपुर मार्ग पर कस्बे के समीप ही ट्रक विद्युत लाइन से छू गया। इससे तीन खंभे और तार टूट गए। एक बाइक और रेहड़ी भी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया है।
खंभे और तात टूटने की सूचना पर एसडीओ विद्युत रणवीर सिंह भी पहुंचे। एसडीओ ने बताया कि तार-खंभे टूटने से कस्बे की आपूर्ति बाधित हुई है। इसे ठीक कराया जा रहा है। इससे विभाग को करीब 3.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का सही आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद