पिनाहट। थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के गांव गोपालपुरा के समीप अज्ञात बाइक की टक्कर लगने से साइकिल सवार किसान डिलेवर सिंह (50) की मौत हो गई। वह बेटे की शादी के लिए सामान खरीदने बाजार गए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे से शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
परिजनों ने बताया कि डिलेवर सिंह निवासी गांव पिढ़ौरा के पुत्र अंकित की शादी है। 26 अप्रैल को भिंड से लगुन टीका आ रहा था। जिसके लिए डिलेवर सिंह शुक्रवार को कस्बा भदरौली बाजार में सामान खरीदने के लिए गए थे। शाम को साइकिल से सामान खरीद कर आ रहे थे। रास्ते में गांव गोपालपुरा के समीप किसी बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार भाग निकला। थाना प्रभारी पिढ़ौरा अनिल कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाले बाइक सवार का पता लगाया जा रहा है।