सांड की ठोकर से पुरा चतुर्भुज के ज्ञान सिंह की मौत
बाह। चित्राहाट में पारना मोड़ पर पेट्रोलपंप के पास रविवार की शाम करीब 5 बजे सांड़ के हमले में पुरा चतुर्भुज के मोपेड सवार किसान ज्ञान सिंह (60) की जान चली गई।
पुरा चतुर्भुज गांव के सुनील और अनिल ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ज्ञान सिंह रविवार की शाम मोपेड से जैतपुर दवा लेने के लिए गए थे। वापस लौटते समय पारना मोड़ पर पेट्रोलपंप के पास सांड़ के हमले से वह मोपेड समेत सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सांड़ को भगाया। मौके पर पहुंची चित्राहाट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शव देख मृतक की पत्नी मूर्ति देवी सुधबुध खो बैठी हैं। परिवार में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों ने छुट्टा मवेशी से आए दिन हो रहे हादसों पर रोष व्यक्त किया। वहीं मोर्चरी पर दोपहर तक स्वीपर न होने की वजह से पोस्टमार्टम में हुई देरी पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। वहीं, जैतपुर, बाह और पिनाहट ब्लॉक क्षेत्र के 214 गांवों में छुट्टा मवेशी सड़क से लेकर खेत तक मुसीबत बने हुए हैं। चित्राहाट, जैतपुर, खेड़ा राठौर, बासौनी, पिढौरा, बाह, बटेश्वर, भाऊपुरा, भदरौली आदि इलाकों में छुट्टा मवेशी की बजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में लोगों की जान जा रही है। छुट्टा मवेशी भी मर रहे हैं। इतना ही नहीं खेतों में गेहूं, सरसों, आलू की फसल को छुट्टा मवेशी बाड़ लगाने के बाद भी नष्ट कर रहे हैं। किसानों की समस्या के मद्देनजर उन्होंने बाह, पिनाहट, जैतपुर के खंड विकास अधिकारियों से छुट्टा मवेशी को गोशाला भेजे जाने की मांग की है। बताया कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उनका संगठन आंदोलन पर मजबूर होगा।