वर्ष 2015 में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और फिर कमजोर मानसून के कारण सूखे पीड़ित किसानों के लिए अच्छी खबर है। आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार ने किसानों के लिए अतिरिक्त लोन की व्यवस्था की है। इसके तहत आगरा जिले में करीब 2,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण वितरण किया जाएगा। बुधवार को आगरा आए संस्थागत वित्त, बीमा एवं वाह्य सहायतित परियोजना विभाग विशेष सचिव और महानिदेशक शिव सिंह यादव ने ऋण योजनाओं की समीक्षा की। सर्किट हाउस में बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र किसानों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए जाएं।
विशेष सचिव शिवसिंह यादव ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि किसानों को और अधिक सहायता देने के उद्देश्य से दो हजार करोड़ रुपये के अतिरिक्त लोन बांटें, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। ग्राम प्रधानों को ‘1520’ बैकिंग हेल्प लाइन के बारे में बताया जाए। जिससे प्रधान अपने गांव की जनता को इसके फायदे बताएं। उन्होंने बताया कि इस टोल फ्री नंबर पर किसान अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। शिवसिंह यादव ने आगरा जिले में किसानों को ऋण वितरण की स्थित पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि फिर भी कोई पात्र किसान इस लाभ से वंचित है तो उसे तत्काल ऋण उपलब्ध कराया जाए।
शिवसिंह यादव ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए संभाव्यता युक्त ऋण योजना जारी करते हुए कहा कि नाबार्ड को कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता पर विशेष ध्यान देना होगा। संभाव्यता युक्त ऋण योजना के अंतर्गत फसल उत्पादन, कृषि, सावधि ऋण, कृषि अवस्थापना, सूक्ष्म, लघु और मध्यम इकाइयों, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, सामाजिक अवस्थापना के लिए कुल 10,62,000 लाख रुपये का वित्तीय लाभ दिया जाएगा। डा. राममनोहर लोहिया ग्रामाें की प्रगति के संबंध में उन्होंने रिपोर्ट तैयार कराने कहा है। चेतावनी दी कि अगली बार औचक निरीक्षण होगा। बैठक में उपनिदेशक संस्थागत एवं वित्त, नाबार्ड और बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।
इनबाक्स..
समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग अधिकारी नपे
विशेष सचिव संस्थागत वित्त शिव सिंह यादव की समीक्षा बैठक से गायब रहने पर समाज कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पर गाज गिरी है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए हैं।
इनबाक्स...
महाविद्यालयों में लगेंगे शिक्षा लोन के कैंप
विशेष सचिव ने छात्रों को आर्थिक मदद देने की योजनाओं के सरलीकरण पर जोर दिया। पात्र छात्रों को एजुकेशन लोन उपलब्ध कराने के लिए आगरा कालेज, सेंट जोंस कालेज जैसे प्रमुख महाविद्यालयों में कैंप लगाए जाएंगे।
इनबाक्स...
साहूकारों से मिलेगी किसानों को मुक्ति
शिव सिंह यादव ने बताया कि किसानों, बंटाई मजदूरों को साहूकारों के चंगुल से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार योजना बना रही है। शिकायत मिली हैं कि बाह क्षेत्र में तमाम किसान ऐसे हैं जो सूदखोरों के चंगुल में फंसे हैं।
इनके लिए मिलेगा लोन
- फसल उत्पादन
- कृषि
- सावधि ऋण, कृषि अवस्थापना
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम इकाइयां
- शिक्षा
- नवीकरणीय ऊर्जा
- सामाजिक अवस्थापना