फिरोजाबाद के गांव दौलतपुर के पास गोवंश के हमले से किसान घायल हो गया। परिजन उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर नारखी पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। किसान खेत से पानी लगाकर रात करीब 12 बजे घर लौट रहा था। बता दें जिले में फरवरी से जून तक गोवंश के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। कई लोग घायल भी हुए हैं।
थाना नारखी के गांव दौलतपुर निवासी नारायण सिंह (42) शनिवार रात करीब 12 बजे खेत से पानी लगाकर पैदल घर जा रहा था। गांव के समीप पहुंचा था, तभी गोवंश ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लाठी डंडे लेकर ग्रामीणों ने गोवंश को गांव से भगाया। परिजन भी पहुंच गए।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
परिजन घायल किसान को देर रात सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। थानाध्यक्ष नारखी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया का कहना है कि किसान की मौत गोवंश के हमले से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया है।