बेवर। नगला बहोरी निवासी किसान रविवार की शाम खेत पर जा रहा था तभी टूटी पड़ी बिजली की केबल पर पैर रख जाने से करंट लगकर उसकी मौत हो गई। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने परिजन को शव खेत में पड़ा होने की जानकारी दी। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव बहोरी निवासी 60 वर्षीय किसान हरिभान सिंह रोजाना रात के समय खेत पर जाते थे। रविवार की रात भी खाना खाने के बाद वह घर से खेत की ओर चले गए। रास्ते में एलटी लाइन का तार टूटा पड़ा था। अंधेरा होने की वजह से किसान तार को देख न सका और उस पर पैर रख दिया। केबल में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आकर किसान की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार की सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो शव पड़ा देख परिजन को सूचना दी।