खेरागढ़। कस्बे के उंटगिर रोड पर सोमवार रात्रि को किसान शिवशंकर सिंह (45) ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राइफल को जब्त कर लिया है। देर रात फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए घटना स्थल से नमूने एकत्रित किए।
विज्ञापन
घटना के समय मृतक की पत्नी नीरज व बेटे अर्पित के साथ घर पर ही थीं। पत्नी और बेटा एक कमरे में सो रहे थे। वहीं, किसान दूसरे कमरे में सो रहे थे, फायर की आवाज पर मां-बेटे ने बाहर आकर देखा तो किसान खून से लथपथ बेड पर पड़े थे। लाइसेंसी राइफल बगल में पड़ी थी। मृतक किसान तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे, बड़ा भाई पुष्पेंद्र व छोटा भाई कुशल पिता निरंजन सिंह के साथ उंटगिर गांव में रहते है। थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि घटना में प्रयुक्त राइफल को जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।