मेड़बंदी के बाद भी रसूखदार नहीं छोड़ रहे कब्जा
- एसडीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गांव गणेशपुर में एक किसान की भूमि पर मेड़बंदी के बाद भी रसूखदार कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। कहने पर झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। एसडीएम से की गई शिकायत पर आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि 16 मार्च को तत्कालीन एसडीएम के आदेश पर उसकी जमीन की मेड़बंदी राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में कराई गई थी। राजस्व कर्मियों ने मौके पर पक्की मुड्डी भी लगा दी थी। इसके बाद भी रसूखदार वीरेंद्र सिंह ने आनंद कुमार, आलोक कुमार, दिलीप कुमार ने जमीन से कब्जा नहीं छोड़ा। वह लोग उसे जमीन पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। जब वह कब्जा करने के लिए जाता है तो सभी असलहा लेकर आ जाते हैं। झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। उसे धमकी दी है कि अगर दोबारा खेत पर दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। पीड़ित की शिकायत पर एसडीएम ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रविवार को पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।