बटेश्वर तीर्थ मे शिवलिंग आकर की कावड़ लेकर आई छात्राएं
बटेश्वर। सावन के अंतिम सोमवार पर्व से पूर्व बटेश्वर तीर्थ धाम पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। रविवार देर शाम गंगोत्री, सोरों, कछला और अन्य घाटों से कांवड़ लेकर पहुंचे हजारों कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने यहां डेरा डाल दिया। तीर्थ धाम में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
रविवार को कांवड़ यात्रा में महिलाओं और युवतियों का विशेष उत्साह देखने को मिला। फिरोजाबाद के जसराना की इंटर की 15 छात्राएं चांदनी, शिवानी, कल्पना, कविता, प्रियंल, अन्नू, खुशबू, गुन्नू, श्रद्धा, वर्षा, नेहा, मोहिनी आदि ने सोरों घाट से हाथों में शिवलिंग कांवड़ उठाकर तीन दिन की पैदल यात्रा कर बटेश्वर पहुंचीं। उनके इस साहस और श्रद्धा की हर तरफ सराहना हो रही है। ये छात्राएं सोमवार को ब्रह्मलाल महादेव का गंगाजल से जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। वहीं बाह के घड़ा पचौरी निवासी शिव कुमार यादव ने अपने परिवार के साथ दो दिन की दंडवत परिक्रमा पूरी कर बटेश्वर पहुंचकर भगवान महादेव का आशीर्वाद लिया। सावन के अंतिम सोमवार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार और थाना प्रभारी बाह डीपी तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर प्रबंधन सीसीटीवी कैमरों के जरिए अराजक तत्वों पर लगातार नजर रखे हुए है। यमुना नदी में बढ़े जलस्तर को देखते हुए पीएसी और स्थानीय गोताखोर तैनात किए गए हैं। गोरा-पार्वती मंदिर के पुजारी नरेंद्र गोस्वामी और प्रशासन ने महिलाओं से भारी आभूषण पहनकर मंदिर में न आने तथा अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने की अपील की है।