मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा नौ और 11 के साथ ही बोर्ड परीक्षा में प्रवेश के लिए तिथि घोषित कर दी है। अब छात्र-छात्राएं 15 सितंबर तक संबंधित कक्षाओं में प्रवेश ले सकेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिषद के निर्देशानुसार प्रवेश और बोर्ड आवेदन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में 17 अगस्त प्रवेश की अंतिम तिथि घोषित की गई थी। जिसमें अब संशोधन कर दिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 की बोर्ड परीक्षा और कक्षा नौ और 11 के छात्र-छात्राओं के प्रवेश के माध्यमिक शिक्षा परिषद ने संशोधित तिथि घोषित कर दी है। उन्होंने बताया कि परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के प्रवेश और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर घोषित की है।
वहीं कक्षा नौ और 11 के छात्र-छात्राओं के प्रवेश और अग्रिम पंजीकरण शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 सिंतबर घोषित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रधानाचार्यों को बोर्ड परीक्षार्थियों से जमा कराया गया शुल्क 22 सितंबर तक कोषागार में एक मुश्त जमा करना होगा। वहीं कक्षा नौ और 11 में अग्रिम पंजीकरण शुल्क प्रधानाचार्य द्वारा कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि छह अक्तूबर घोषित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे परिषद के निर्देशानुसार अपने यहां छात्र-छात्राओं का प्रवेश लेते हुए उनके बोर्ड और अग्रिम पंजीकरण फार्म भरवाना सुनिश्चित करें।