08एमएनपी-30-गांव मक्खनपुर में जांच करते एसडीएम सुधीर कुमार व अधीक्षण अभियंता विद्युत रवि अग्रवाल
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विकास खंड सुल्तानगंज के गांव मक्खनपुर में बृहस्पतिवार रात को करंट से दो लोगों की मौत हो गई। मामले में प्रशासनिक अधिकारी व बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अब मामले की गहनता से जांच के लिए विद्युत सुरक्षा निदेशायल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शुक्रवार को गांव मक्खनपुर में उप जिलाधिकारी भोगांव सुधीर कुमार के साथ अधीक्षण अभियंता विद्युत रवि अग्रवाल और अधिशासी अभियंता ग्रामीण आशीष गुप्ता जांच के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने मृतकों व अन्य लोगों के घरों में बिजली उपकरण देखे। अधिशासी अभियंता आशीष गुप्ता ने बताया कि गांव में एक भी मीटर नहीं जला। यहां तक कि मृतकों के घर के मीटर भी ठीक हैं। ऐसे में कैसे संभव है कि लाइन में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इसके साथ ही कहीं गांव में लाइन भी टूटी और एचटी लाइन को टच करती नहीं मिली।
मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी अब विद्युत सुरक्षा निदेशालय को सौंपी गई है। एक सप्ताह के अंदर निदेशालय मामले की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। इसके बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
ये हैं बिजली विभाग के तर्क
-अगर एचटी लाइन का करंट दौड़ा तो कोई भी मीटर क्यों नहीं जला।
-फॉल्ट होने के बाद पॉवर हाउस से लाइन कैसे चालू हो गई।
-मृतक के घर में पंखे के अलावा अन्य उपकरण क्यों नहीं जले।
-एलटी लाइन की केबिल या कनेक्शन बॉक्स में फॉल्ट क्यों नहीं हुआ।
गांव में जाकर मामले की जांच की गई। कहीं भी हाईटेंशन लाइन से एलटी लाइन में करंट उतरने का मामला सामने नहीं आया है। मामले की जांच विद्युत सुरक्षा निदेशालय को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
रवि अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता।