मैनपुरी। बिजली बिल के बड़े बकाएदार अब विभाग के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। इन पर करोड़ों रुपये का बिल बकाया है। इन्होंने लंबे समय से लाखों रुपये का बिल जमा नहीं कराया है। अब विभाग ने इन पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही इनके कनेक्शन विच्छेदित कर आरसी जारी की जाएगी।
जिले में बिजली विभाग तीन खंडों में बंटा हुआ है। प्रथम खंड में शहरी व उसके आसपास का कुछ क्षेत्र आता है तो द्वितीय खंड में किशनी, कुरावली और भोगांव तहसील और तृतीय खंड में घिरोर और करहल तहसील शामिल है। इन तीनों खंडों में बिजली विभाग ने 3724 बड़े बकाएदारों को चिह्नित किया है। इन पर विभाग का 90.67 करोड़ रुपया बकाया है। सबसे अधिक बकाएदार खंड द्वितीय में हैं, यहां 1953 लोगों पर 51 करोड़ का बकाया है। बिल की वसूली के लिए सभी बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटने के साथ ही उनकी आरसी भी जारी की जाएगी। आरसी जारी होने के बाद बिजली विभाग वसूली करेगा।
लॉकडाउन के चलते नहीं हुई कार्रवाई
बिजली विभाग ने इन बकाएदारों की सूची तो मार्च में ही तैयार कर ली थी लेकिन लॉकडाउन के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। अब एक बार फिर विभाग फुल एक्शन मोड में आने की तैयारी में है।
हाईलाइट्र्स
-3724 बड़े बकाएदार किए चिह्नित
-90.67 करोड़ का है इन पर है बकाया
-81 हैं खंड प्रथम में बड़े बकाएदार
-1953 हैं खंड द्वितीय में बड़े बकाएदार
-1690 हैं खंड तीन में बड़े बकाएदार
जिले के चंद लोगों पर बिजली विभाग का 90 करोड़ बकाया है। अगर वे इस धनराशि को जमा करा दें तो मैनपुरी की बिजली व्यवस्था को और सुधारा जा सकेगा। बिल जमा न करने पर अब कनेक्शन काटने के साथ ही आरसी भी जारी की जाएगी।
रवि अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत।