कोसीकलां। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका में 20 कूड़ा गाड़ी आ गईं हैं। सफाई कर्मी डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के साथ उसका निस्तारण भी करेंगे। घर, दुकानों एवं होटलों से सुविधा शुल्क लिया जाएगा। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए शासन ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए थे।
इसके तहत पालिका ने 20 कूड़ा गाड़ी मंगाईं हैं। यह गाड़ियां गली-मोहल्लों में जाकर कूड़ा एकत्र करेंगी। बृहस्पतिवार को एसडीएम हनुमान प्रसाद चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर, ईओ पूर्णिमा दूबे, लेखाधिकारी योगेंद्र रावत, एसआई राजीव यादव ने निरीक्षण किया। चेयरमैन ने बताया कि साफ-सफाई में लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।
घर-घर से उठाएंगे कूड़ा
ईओ पूर्णिमा दुबे के मुताबिक विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का ट्रायल शुरू होगा। वाहन पर तैनात कर्मचारी कॉलोनियों में जाकर माइक से आवाज लगाकर घरों का कूड़ा गाड़ी में डालने का अनुरोध करते दिखाई देंगे।
गंदगी फैलाने पर लगेगा जुर्माना
सफाई इंस्पेक्टर राजीव यादव ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था शुरू होने के बाद यदि कोई कूड़ा फैलाता है तो उससे अर्थदंड वसूला जाएगा। जुर्माना की राशि जल्द ही तय कर दी जाएगी।