पटियाली। ग्राम म्यूनी में चकबंदी में जमीन चले जाने के बाद सदमे से किसान की मौत के मामले में डिप्टी कलक्टर बृहस्पतिवार को गांव में जांच करने के लिए पहुंची। डिप्टी कलक्टर ने मृतक किसान के परिजन के बयान दर्ज किए। वहीं, ग्रामीणों से चकबंदी प्रक्रिया पर बातचीत की।
किसान पंछी (50) निवासी म्यूनी की 23 अप्रैल की रात को मौत हो गई थी। परिजन ने चकबंदी विभाग पर रिश्वत लेकर भी चकबंदी में गई जमीन के बदले जमीन न देने का आरोप लगाया। परिजन का आरोप था कि जिससे किसान की सदमे में मौत हो गई। इस मामले की जांच डिप्टी कलक्टर रितू सिरोही कर रही हैं। डिप्टी कलक्टर ने मृतक किसान के परिजन से बातचीत कर उनके बयान लिए। इसके अलावा किसानों से भी गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली, ताकि चकबंदी प्रकिया में लग रहे आरोपों के सही तथ्य सामने आ सकें। डिप्टी कलक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वे अपनी जांच रिपोर्ट जल्द ही जिलाधिकारी को सौंप देंगी। इसके बाद जो भी कार्रवाई होगी वो जिलाधिकारी स्तर से होगी।