आगरा। थाना एत्माद्उद्दाैला क्षेत्र के नूनिहाई चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर सोमवार को नशे में धुत दबंगों ने जमकर उत्पात मचाया। चार युवक नान खाने के बहाने एक दुकान पर पहुंचे और सब्जी में गुलाल डाल दिया। इसके बाद उन्होंने जबरन नान की प्लेटें लगवाईं। रुपये मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, लेकिन करीब 15 मिनट बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया। आरोप है कि इसके बाद चारों आरोपी दोबारा हाथों में ब्लेड लेकर लौटे और हमला कर दिया। इस घटना में दो युवक घायल हो गए।
प्रकाश नगर निवासी संदीप की नूनिहाई क्षेत्र में स्टेट बैंक के सामने करीब तीन साल पुरानी कैला मां के नाम से नान की दुकान है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे चार युवक नशे की हालत में दुकान पर आए और सब्जी में गुलाल डाल दिया। इसके बाद वे गाली-गलौज करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया, लेकिन आरोपियों ने जबरन चार प्लेट नान रोटी लगवाई। खाना खाने के बाद जब संदीप ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को थाने ले गई और हिदायत देकर छोड़ दिया। करीब आधे घंटे बाद आरोपी दोबारा लौटे और हाथों में ब्लेड लेकर हमला कर दिया, जिससे संदीप और तरुण लहूलुहान हो गए।
गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीटा, वीडियो वायरल
दूसरी बार हुई घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साई भीड़ ने प्रकाश नगर निवासी आरोपी कान्हा उर्फ कन्हैया को पुलिस के सामने ही पकड़कर पीट दिया। अन्य तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। हंगामे के दौरान घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल भेजा गया है।