आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के नुनिहाई में सोमवार को नशे में धुत युवक ने अपने तीन दोस्तों के साथ हंगामा किया। खान-पान की ठेल पर रखी सब्जी में गुलाल डाल दी। बाद में खाने के रुपये मांगने पर दुकानदार और उसके भाई पर ब्लेड से हमला किया। भीड़ ने जब उसे पकड़ा तो खुद को भी ब्लेड मारकर लहूलुहान कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।
प्रकाश नगर, एत्माददाैला निवासी संदीप की नुनिहाई स्थित भारतीय स्टेट बैंक के सामने कैला मां के नाम से खान-पान की दुकान तीन साल से है। संदीप ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग 11 बजे मोहल्ले का कान्हा सहित चार युवक दुकान पर आए। चारों नशे में थे। चारों आपस में होली खेलने लगे, ठेल पर रखी सब्जी में गुलाल डाल दिया। मना करने पर गाली-गलौज करने लगे। दुकान पर खड़े अन्य ग्राहकों ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
बाद में युवकों ने नान की चार प्लेट लगवाईं। खाना खाने के बाद जब रुपये मांगे तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और पिटाई कर दी। पुलिस पहुंच गई। आरोपियों को थाने ले गई। मगर चारों को हिदायत देकर छोड़ दिया। आधे घंटे बाद युवक दोबारा दुकान पर आए। हाथों में ब्लेड लिए हुए थे। आरोपियों ने उन्हें और भाई तरुण पर ब्लेड से हमला बोल दिया। भीड़ जुट गई। इस पर तीन युवक भाग गए। आरोपी कान्हा को लोगों ने पकड़ लिया। मगर वह खुद को ब्लेड मारने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
युवक को पकड़ते लोगों का वीडियो वायरल
पुलिस ने भीड़ से कान्हा को बचाने का काफी प्रयास किया। मगर इस दाैरान नशे में आरोपी पुलिस से भी भिड़ गया। बाद में एक पुलिसकर्मी ने उसे पैर मारकर रोका। बाद में लोग आए। उसे पकड़ लिया। तब कहीं उसे मेडिकल के लिए लेकर गई। युवक को पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वर्जन
की जा रही जांच
युवक नशे की हालत में था। दुकानदार से मारपीट कर रहा था। इस पर लोगों ने पकड़ लिया। मगर उसने लोगों को ब्लेड से मारकर लहूलुहान कर दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। - सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी