एटा कोतवाली नगर में सोमवार की शाम को हंगामा करने वाले सुनील यादव निवासी शीतलपुर के खिलाफ अब एक मुकदमा पुलिस की ओर से भी दर्ज कराया गया है। आरोपी ने सारी हदें पार कर निर्वस्त्र होकर शर्मनाक हरकतें की थीं, इसकी वजह से महिला आरक्षियों को सिर झुकाकर बैठना पड़ा था। पुलिस का कार्यखास होने की वजह से खुली छूट दी गई थी, जो अब पुलिस के लिए ही भारी पड़ती जा रही है।
पुलिस की मेहरबानी पड़ी भारी
सूत्रों की मानें तो युवक काफी समय से पुलिस का कार्यखास है। इसी वजह से सुनहरी नगर पुलिस चौकी आवासों में रहता आ रहा है। शहर पुलिस पूरा संरक्षण देती आ रही थी और किसी भी अनैतिक कार्य में आगे कर दिया जाता था। यही वजह रही कि उसके हौंसले बुलंद थे और उसने अपने आगे किसी को कुछ नहीं समझा। पुलिस कर्मियों को कोतवाली परिसर में खुलेआम गाली गलौज की गई और धन उगाही कर देने की बात भी कही गई। लेकिन पुलिस का कार्यखास होने की वजह से पूरे मामले पर पर्दा डाले जाने का प्रयास किया जाता रहा।
ये भी पढ़ें - Pre-Wedding Photoshoot Places: कपल को कराना है प्री-वेडिंग फोटोशूट, तो बेस्ट रहेंगी आगरा की ये रोमांटिक जगहें
जेल भेजा गया आरोपी
आरोपी ने अपने सारे कपड़े उतारकर शर्मनाक हंगामा किया, इसकी वजह से महिला आरक्षियों को भी अपना सिर झुकाना पड़ गया। अब इस मामले में अधिकारी जांच कर कार्रवाई करने की सफाई दे रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक निर्दाेष सिंह सेंगर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस कार्रवाई होते देख बिफरा था युवक
सुनील यादव शहर से ही सटे गांव शीतलपुर का रहने वाला है। पहले वह मैक्स पिकअप चलाकर डग्गेमारी करता था। लेकिन बाद में पुलिस के संपर्क में आया तो कार्यखास बन गया। जब पुलिस उसकी है तो किसी से क्यों डरे। इसी गलतफहमी में उसने नाश्ता की ठेल लगाने वाले को पीटा, जब पुलिस कार्रवाई हुई तो कोतवाली परिसर में ही बिफर गया और जमकर हंगामा किया गया।