ताजमहल के पार्श्व में रविवार की शाम को प्रतिबंध के बाद भी ड्रोन उड़ाया गया। सुरक्षा कर्मियों ने ड्रोन को उड़ते देखकर ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद महताब बाग से ड्रोन उड़ा रहे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है।
बता दें, ताजमहल के ऊपर ड्रोन कैमरा प्रतिबंधित है। रविवार शाम तकरीबन साढ़े छह बजे दो युवकों ने महताब बाग से ड्रोन को उड़ाना शुरू किया। तकरीबन आधा घंटे तक ड्रोन ताज के पिछवाड़े उड़ान भरता रहा। जब ताज पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ी तो इसकी जानकारी महताब बाग में मौजूद सुरक्षा कर्मियों को दी गई। इसके बाद ताज सुरक्षा पुलिस ने महताब बाग में पहुंचकर देखा तो दो युवक ड्रोन कैमरे से शूटिंग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दोनों इंजीनियरिंग के छात्र बताए गए हैं। उनका कहना था कि महताब बाग में ड्रोन प्रतिबंधित है, इसकी जानकारी नहीं थी।