डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के बृहस्पति भवन में शनिवार को वित्त समिति की बैठक प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय की अध्यक्षता में हुई। इसमें आवासीय इकाई के संस्थानों में संचालित सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों के वित्तीय औचित्य निर्धारण के लिए बनाई गई समिति की रिपोर्ट को प्रस्तुत किया गया। उसके अनुसार सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में शिक्षकों के 126 पद सशर्त स्वीकृत किए गए। अब प्रस्ताव कार्य परिषद में रखा जाएगा।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि स्वीकृत पदों पर संविदा शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इस प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा, इसलिए संविदा शिक्षकों की नियुक्ति होने तक स्वीकृत पदों के सापेक्ष विषय विशेषज्ञों को रखा जाएगा। वित्त समिति में पास प्रस्ताव को कार्य परिषद में रखा जाएगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: जेपी सभागार में होगा दीक्षांत समारोह, धोती-कुर्ता व साड़ी रहेगा परिधान
वित्त अधिकारी एके सिंह ने बताया कि कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह भी तय हुआ है कि सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में शिक्षकों के कुल 126 पद होंगे। जिन पाठ्यक्रमों में पहले से पद सृजित हैं, वह इसी में समाहित होंगे। शिक्षकों के अलावा सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रमों में तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों, लैब टेक्नीशियन आदि के करीब 100 पद स्वीकृत किए गए हैं। वित्त समिति की बैठक में कुलसचिव संजीव कुमार सिंह व प्रो. संजय चौधरी आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
डीएसडब्ल्यू व चीफ प्रॉक्टर को वित्तीय अधिकार
आगरा। संस्थानों के बाकी निदेशकों व विभागाध्यक्षों की तरह डीन स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) और चीफ प्रॉक्टर को भी वित्तीय अधिकार दिए गए हैं। ये दोनों प्रति माह 50 हजार रुपये और प्रति वाउचर पांच हजार रुपये खर्च कर सकेंगे।