सीबीएसई: दसवीं का परिणाम तैयार कराने की तैयारी शुरू
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के दसवीं के छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम तैयार कराने की तैयारी शुरू हो गई है। कमेटी बनाने के लिए शिक्षकों का चयन किया जा रहा है। सोमवार या मंगलवार तक कमेटी बनाकर स्कूल सीबीएसई को भेज भी देंगे।
सीबीएसई के शहर समन्वयक रामानंद चौहान ने बताया कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों की कड़ी में 10वीं के छात्र-छात्राओं के परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पहले चरण में पांच मई तक कमेटी का गठन करना है जो निर्धारित फार्मूला के अनुसार छात्र-छात्राओं को अंक प्रदान करेगी। इसमें संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य के अलावा पांच शिक्षक और दो शिक्षक अन्य किसी स्कूल के रहेंगे। बाहरी शिक्षक पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। जिन दूसरे स्कूलों से दो शिक्षक लिए जाएंगे, उसमें स्कूल अपने शिक्षक नहीं भेज सकता है।
जीडी गोयंका स्कूल के प्रधानाचार्य पुनीत वशिष्ठ का कहना है कि सीबीएसई के फार्मूले से छात्र-छात्राओं को कोई नुकसान नहीं होगा। यदि स्कूल ने प्री-बोर्ड और अर्द्धवार्षिक परीक्षा और टेस्ट कराए हैं, तो अंक प्रदान करने में कठिनाई भी नहीं होगी। कक्षा नौ के अंकों को भी आधार बनाने की व्यवस्था दी गई है। सीबीएसई ने ऐसी व्यवस्था बनाई है कि किसी छात्र-छात्राओं को मनमानी तरीके से अंक नहीं दे सकेंगे। छात्र-छात्राओं के तीन वर्षों का रिकार्ड भी सीबीएसई देखेगा।
कोई कठिनाई होने पर बोर्ड की ले सकेंगे मदद
सीबीएसई के शहर समन्वयक डॉ. रामानंद चौहान का कहना है कि यदि किसी स्कूल को छात्र-छात्राओं को निर्धारित फार्मूले के तहत अंक प्रदान करने में कोई समस्या आती है तो बोर्ड की ई-मेल आईडी पर अपनी समस्या साझा कर सकता है। बोर्ड उसकी समस्या का समाधान करेगा।
दो प्री-बोर्ड में से जिसमें अधिक अंक होंगे वो लिए जाएंगे
गायत्री पब्लिक स्कूल के प्रबंधक प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने बताया कि उनके यहां दो प्री-बोर्ड कराए गए थे। यह निर्णय लिया गया कि दोनों प्री-बोर्ड में विभिन्न विषयों में विद्यार्थी के जिसमें सर्वाधिक अंक होंगे, वह लिए जाएंगे।
फिरोजाबाद पंचायत चुनाव मतगणना: आते रहे परिणाम, फूलमाला पहनाकर निकले प्रत्याशियों के समर्थक, देखें लिस्ट