सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने चार नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक और स्टाफ नर्स गैरहाजिर मिली। मरीज डॉक्टरों का इंतजार करते पाए गए। हेल्थ विजिटर दो-तीन दिन से अस्पताल नहीं आ रहे थे। सभी को नोटिस देकर जवाब मांगा है और एक दिन का वेतन काटने की भी संस्तुति की है।
सीएमओ बीते दिन सुबह चीनी का रोजा रामबाग पीएचसी पहुंचे थे। यहां पर डॉ. ज्योतिका तिवारी अनुपस्थित थीं। मोती महल पीएचसी पर डॉ. संदीप तोमर, इस्लाम नगर पीएचसी में डॉ. राधा तोमर और स्टाफ नर्स ऋतु गैरहाजिर मिली।
यहां मरीज दवा लेने के लिए डॉक्टरों का इंतजार कर रहे थे। मरीजों से पता चला कि चिकित्सक अक्सर गैरहाजिर या फिर देर से आते हैं। पीएचसी पर सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। शौचालय तक गंदे मिले। निरीक्षण में एसीएमओ डॉ. संजीव वर्मन भी साथ रहे।
मरीजों को लिख रहे थे बाहर की दवा
सीएमओ ने नाऊ की सराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तो यहां पर डॉ. बहादुर सिंह मिले। यह मरीजों को बाहर की दवा लिख रहे थे। मरीजों ने बताया कि अधिकांश दवाएं बाहर से ही मंगवाई जाती हैं। इस पर सीएमओ ने चिकित्सक को चेतावनी देते हुए बाहर की दवाएं न लिखने की हिदायत दी, जो भी दवाओं की कमी है, इसका मांग पत्र भेजने को कहा।
दो-तीन दिन से नहीं आ रहीं हेल्थ विजिटर
चीनी का रोजा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ विजिटर गैरहाजिर मिली। शकुंतला यादव 16 से, मिथिलेश 15 अगस्त से गैरहाजिर पाई गईं। विजयम्मा और लक्ष्मी देवी निरीक्षण के वक्त गैरहाजिर थीं।
डीएम और शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
तीन चिकित्सक, नर्स और अन्य स्टाफ गैरहाजिर मिला है। इनको नोटिस देकर रिपोर्ट डीएम और शासन को भी भेजी जा रही है। इनको सुबह नौ से पांच बजे तक सेवाएं देने को कहा है। वेतन काटने की भी संस्तुति की है। - डॉ. आरसी पांडेय, सीएमओ