मैनपुरी। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक मंगलवार को ट्रंाजिस्ट हॉस्टल में सुबह 11 बजे से आयोजित की गई है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव समेत 28 जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। बैठक में जिले के विकास के लिए चर्चा की जाएगी।
शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उससे मिलने वाले लाभ से अवगत कराने के लिए शासन द्वारा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के आदेश दिए गए हैं। मंगलवार को बैठक में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह, पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित मौजूद रहेंगे। अपर जिलाधिकारी रामजी मिश्र की ओर से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, नेता प्रतिपक्ष और करहल से विधायक अखिलेश यादव, भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, किशनी विधायक बृजेश कठेरिया, सांसद मुलायम सिंह यादव, सांसद हरनाथ सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा देवी समेत 28 जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें विधान परिषद सदस्य और नगर पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख शामिल हैं।