इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए शनिवार को मुख्य सचिव दीपक सिंघल के समक्ष करीब 1.73 अरब रुपये की जमीन खरीद का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसके लिए डीएम गौरव दयाल शुक्रवार को लखनऊ रवाना हो गए। कमिश्नर एक दिन पहले ही लखनऊ पहुंच गए हैं।
गौरतलब है कि सिविल एन्क्लेव का विस्तार कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की योजना के लिए सदर तहसील ने करीब 55 हेक्टेयर जमीन खरीद का प्रस्ताव तैयार किया है। शासन को काश्तकारों को करीब 1.73 अरब का भुगतान करना होगा। यह राशि वर्तमान सर्किल रेट से चार गुना होगी।
सदर तहसील के प्रस्ताव के मुताबिक, 51.6444 हेक्टेयर भूमि किसानों से खरीदी जाएगी और करीब 4.2399 हेक्टेयर सरकारी भूमि को समायोजित किया जाएगा। किसानों को 1,651,586,600 रुपये का भुगतान और सरकारी भूमि का प्रतिकर 83,51,900 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
गांव धनौली, बल्हेरा और अभयपुरा के जिन 347 काश्तकारों की जमीन ली जाएगी उनमें से 289 किसानों ने सहमति पत्र दे दिया है। शेष 58 किसान हैं जिनकी करीब 7.7451 हेक्टेयर भूमि ली जानी है। उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है।
हवाई गति से पास होगा प्रस्ताव
केंद्र और प्रदेश सरकारें जिस तरह से आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की पहल कर रही हैं उससे यह तय है कि शासन में जमीन खरीद के प्रस्ताव को जल्द से जल्द स्वीकृति दी जाएगी। जानकारों के मुताबिक, मुख्य सचिव की हरी झंडी मिलने के बाद प्रस्ताव वित्त और राजस्व विभाग में जाएगा और वहां की क्लीयरेंस मिलने के बाद नागरिक उड्डयन विभाग को भेजा जाएगा। चूंकि इन विभागों से पहले ही सिविल एन्क्लेव के लिए जमीन खरीद प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है इसलिए नए प्रस्ताव में कोई अड़चन की संभावना कम है।
प्रस्ताव एक नजर में
एडिशनल रनवे के लिए प्रस्तावित भूमि 55.8843 हेक्टेयर
काश्तकारों की संख्या 347
वर्तमान सर्किल रेट के आधार पर मूल्य 433,776,400 रुपये
सर्किल के रेट चार गुना अधिक पर मूल्य 1,735,105,600 रुपये
जमीन देने के लिए सहमत किसान 289