अवैध निर्माण पर मौके पर खड़े होकर बुलडोजर चलवाते डीएम अंजनी कुमार सिंह। स्रोतः प्रशासन
मैनपुरी। नगला पजाबा के जय किशन वर्मा ने जन-सुनवाई के दौरान बुधवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर अपनी जमीन पर रसूखदारों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। डीएम मौके पर पहुंचे और राजस्व विभाग की टीम को बुलाकर अपने सामने ही अवैध कब्जा हटवाया।
डीएम ने तहसीलदार सदर से अवैध निर्माण के बारे में जानकारी की, तहसीलदार ने बताया कि उनके द्वारा मौके पर जाकर निर्माण कार्य रुकवाकर कब्जा करने वालों को निर्माण न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन आरोपियों ने फिर से निर्माण कर लिया है। डीएम ने मौके पर ही क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में अनधिकृत कब्जे को बुलडोजर के माध्यम से हटवाकर शिकायतकर्ता को राहत प्रदान की। चेतावनी दी कि फिर से कब्जा किया जाता है तो आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, अनिल सक्सैना, अनुज कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल आदि उपस्थित रहे।