पिनाहट। क्षेत्र में बुखार के बढ़ने प्रकोप और हो रही मौतों को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह पिनाहट पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक में बुखार को रोकने की तैयारियों का जायजा लिया। सीएचसी अधीक्षक को गांवों में शिविर लगाकर बीमारों का उपचार करने, एंटीलार्वा का छिड़काव के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी को गांव-गांव सफाई कराने की हिदायत दी।
दोपहर करीब 12 बजे सीएचसी पिनाहट पहुंचे जिलाधिकारी ने मरीजों से भी इलाज और दवाएं आदि मिलने की जानकारी ली। करीब बीस मिनट अस्पताल में रुकने के बाद डीएम ब्लॉक कार्यालय पर पहुंचे।
कार्यालय का निरीक्षण कर खंड विकास अधिकारी पिनाहट ओमकार सिंह को बुखार फैलने के मद्देनजर गांव गांव सफाई, एंटीलार्वा का छिड़काव और पानी का जमाव नहीं होने देने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। प्रधान व सचिव को भी गांव-गांव जाकर लोगों को बुखार की रोकथाम के लिए जागरूक करने के लिए कहा।