ताजमहल के 500 मीटर के प्रतिबंधित परिक्षेत्र में वाहनों के आवागमन पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश के साथ कलक्ट्रेट में हुई बैठक में यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि आदेश को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है। चेकिंग में सख्ती बढ़ाई गई है।
समाज कल्याण मंत्री डॉ. धर्मेश ने बताया कि बैठक में ताजगंज व आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की दिक्कतों पर बिंदुवार चर्चा की गई। इसमें जिलाधिकारी ने मंत्री को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कोई अवैध निर्माण प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं हो, दो तीन मंजिला इमारतों से ताज की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। कई जगह अवैध पार्किंग कराई जा रही थी, जिससे जाम की स्थितियां बन रही थीं। फोटोग्राफर व गाइड पहचान पत्र गले में डालकर चलें। इन्हीं को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है। डीएम ने साफ किया कि लोडिंग टेंपो एवं यहां आने वाले परिचितों व रिश्तेदारों पर भी कोई रोक नहीं है। हर माह के चौथे शनिवार को थाना ताजगंज में पुलिस, प्रशासन, एएसआई, आरटीओ, ताज सुरक्षा, एडीए के अधिकारी बैठक करके क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे। बैठक में पूर्व विधायक केशो मेहरा, अश्वनी वशिष्ठ, गणेशचंद्र, पार्षद मोहन सिंह लोधी, सुधीर राठौर आदि मौजूद रहे।
संबंधित खबर:
सख्ती: ताजमहल की 500 मीटर प्रतिबंधित परिधि में नहीं बनेंगे अस्थाई वाहन पास, नए निर्माण पर भी रोक