प्लेटफार्म पर लेटी गर्भवती दिव्यांग महिला
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब मेल में सफर कर रही गर्भवती दिव्यांग महिला की हालत बिगड़ने पर उसे आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर नंबर दो पर उतारा गया। महिला ने प्लेटफार्म पर ही बच्ची को जन्म दे दिया। आसपास की महिलाओं ने मदद की। सूचना पर कुछ ही देर में मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच गई। जच्चा बच्चे को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे की है। पंजाब मेल के जनरल कोच में मथुरा से सवार हुई दिव्यांग महिला गर्भवती थी। हालत बिगड़ने पर कोच में सवार यात्रियों ने उसे कैंट स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो पर उतार दिया। प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को मदद देने के लिए आसपास की महिलाएं जुट गईं।
महिलाओं की मदद से डिलीवरी हो गई। इसकी जानकारी डिप्टी स्टेशन मास्टर सत्यप्रकाश को दी गई। इस पर उन्होंने रेलवे अस्पताल में इमरजेंसी कॉल की। उन्होंने बताया कि 10 मिनट के भीतर ही मेडिकल टीम प्लेटफार्म पर पहुंच गई।
महिला और बच्ची दोनों सकुशल थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाणिज्य प्रबंधक डा. संचित ने बताया कि भिक्षुक दिव्यांग महिला ने प्लेटफार्म पर बच्चे को जन्म दिया। कुछ ही देर में उसे चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करा दी गई। दोनों सकुशल हैं।