फीडबैक में तनौरा नुरपुर निवासी मुकेश ने बताया कि लेखपाल दबंगों से मिलकर खाद के गड्ढों पर कब्जा करा रहा है। मंडलायुक्त ने एडीएम सिटी अनूप कुमार को टीम के साथ मौके पर जाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बहादुरपुर निवासी बॉबी, पप्पू व उदयभान निस्तारण से असंतुष्ट मिले। जब रजिस्टर मंगाया तो उसमें शिकायत निस्तारित थी। एसडीएम को पुन: पैमाइश के निर्देश दिए।
चाणक्यपुरी में स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायत करने वाले श्रीराम सारस्वत से पता चला स्ट्रीट लाइट 2 माह से खराब है। ठीक करने कोई नहीं आया। अपर नगरायुक्त की रिपोर्ट के आधार पर यह शिकायत रजिस्टर में निस्तारित हो गई थी। इसे लापरवाही मानते हुए मंडलयुक्त ने अपर नगरायुक्त को चेतावनी नोटिस के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः- मरा समझ फेंक गए वह बच गया जिंदा: मां के साथ खेत गया था युवक, दबंगों ने पकड़ा; धारदार हथियार से रेत दिया गला
औचित्यहीन बता निपटाईं शिकायतें
रोहता गांव के ग्रामीणों ने गली में आरसीसी निर्माण के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। इसे तहसीलकर्मियों ने औचित्यहीन बता निस्तारित कर दिया। मंडलयुक्त ने इस पर नाराजगी जताई। डौकी की सुशीला ने बताया कि उसके साथ मारपीट हुई। पुलिस रिपोर्ट नहीं लिख रही। मंडलयुक्त ने एसीपी को निर्देश दिए कि थाना डौकी में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए।
कार्यशैली में सुधार नहीं तो कार्रवाई
समाधान दिवस में मौजूद नगर निगम, राजस्व, शिक्षा, एडीए, पुलिस व अन्य अधिकारियों से मंडलायुक्त ने कहा कि जन शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यशैली में सुधार लाओ, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहो। शिकायत का फर्जी निस्तारण मिलने पर संबंधित जिम्मेदार होगा। उच्च अधिकारियों को समीक्षा के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ेंः- Mathura: साधु वेशधारी युवक ने पांच वर्षीय मासूम को सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला, दृश्य देख दहल गए लोग