आगरा: गांव में फ्लैग मार्च करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में खंदौली थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम घर से भूसा लेने गई युवती के साथ युवक ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया गया है। युवक के दूसरे समुदाय के होने के कारण गांव में तनाव हो गया। इसे देखते हुए शाम से ही पुलिस फोर्स गांव में डटा है। बुधवार की सुबह एसडीएम और सीओ ने पीएसी के जवानों के साथ फ्लैग मार्च भी किया।
खंदौली के थानाध्यक्ष अवधेश गौतम के मुताबिक गांव की 18 वर्षीय युवती मंगलवार की शाम पुराने घर से भूसा लाने गई थी। उसका आरोप है कि गांव निवासी अनुज वहां पहुंच गया। उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। युवती ने घर आकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। घरवाले उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए शाम से ही पुलिस ने गांव में डेरा डाल रखा है। बुधवार की सुबह एसडीएम विकल गुप्ता, सीओ रवि कुमार पीएसी लेकर गांव पहुंचे और फ्लैग मार्च किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
दो साल पहले भी हुआ था बवाल
इसी गांव में दो साल पहले भी नाबालिक के साथ दुष्कर्म और अपहरण की घटना के कारण सांप्रदायिक बवाल हुआ था। आगजनी, मारपीट और तोड़फोड़ की गई थी। उसी घटना के मद्देनजर इस बार गांव में तत्काल फोर्स तैनात कर दी गई है। अफसरों ने भी गांव पहुंचकर लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
संबंधित खबर
आगराः सैमरा गांव में भारी बवाल, पुलिस के सामने ही फूंकी गईं दुकानें, आरोपी गांव छोड़कर गए