एत्माद्दौला स्मारक के बाहर बने पुराने और जर्जर कियोस्कों को हटाकर पर्यटकों के लिए नई पार्किंग बनाई जाएगी। इससे सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
आगरा के एत्माद्दौला स्मारक के सामने जर्जर कियोस्क तोड़े जाएंगे। यह फैसला पथकर सलाहकार समिति की 41वीं बैठक में लिया गया है। यहां पर पर्यटकों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। अभी तक एत्माद्दौला आने वाले पर्यटकों के वाहन सड़क किनारे ही खड़े किए जाते हैं। इससे सड़क पर जाम लगने की समस्या बनी हुई है।
टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि कई दशकों पहले कियोस्क बनाए गए थे। यह कई साल से खाली पड़े हैं और बेहद जर्जर हो चुके हैं। इन्हें तोड़कर पर्यटक वाहनों के लिए पार्किंग बनाने की मांग वह कई साल से कर रहे हैं। पथकर कमेटी में मामला उठा तो लोक निर्माण विभाग की जमीन पर बने इन कियोस्कों को तोड़ने पर सहमति बन गई। इसकी जगह नई पार्किंग बनाई जाएगी।
पथकर कमेटी ने इसके अलावा ताजगंज प्रोजेक्ट की टूट-फूट का काम 14 नवंबर तक पूरा करने को कहा है, वहीं शमशाबाद रोड पर इनर रिंग रोड फ्लाईओवर के पास सौंदर्यीकरण का काम अगले साल 15 मई तक पूरा करना होगा। टाटा गेट से पथौली नहर तक स्ट्रीट लाइट लगाने का काम इसी माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।