आगरा। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल विजय हजारे वन डे ट्रॉफी में बड़ौदा के गेंदबाजों पर हावी रहे। राजकोट मैदान में उन्होंने 101 गेंदों में 15 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 160 रन बनाए।
कोच प्रवेंद्र यादव ने बताया कि ध्रुव की शतकीय पारी से उत्तर प्रदेश ने सात विकेट पर 369 रन के विशाल स्कोर खड़ा किया। ध्रुव ने क्रीज पर टिक कर पहले पारी को संभाला और फिर गेंदबाजों पर आक्रामक अंदाज में टूट पड़े। उत्तर प्रदेश ने 54 रनों से मैच जीता। ध्रुव की इस पारी को विजय हजारे ट्रॉफी की यादगार पारियों में गिना जा रहा है। कोच ने कहा कि ध्रुव में लगन और जुझारू होने की क्षमता अद्भुत है। कमेंटेटर और समीक्षक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि तकनीक के साथ धैर्य और आक्रमण का ऐसा संतुलन कम ही देखने को मिलता है।