आगरा। यूपी स्टेट रैंकिंग्स टेनिस टूर्नामेंट में आगरा के होनहार खिलाड़ी हनु वर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है। अब वह स्टेट चैंपियन बनने से केवल एक कदम दूर हैं।
लखनऊ में दयालबाग निवासी हनु वर्मा ने सोमवार को मेंस सिंगल के सेमीफाइनल में प्रतिद्वंद्वी वरुण सिंह को 8-0 से शिकस्त दी। मंगलवार को उनका मुकाबला लखनऊ के ओम यादव से होगा। हनु वर्मा ने पहले राउंड में आयुष मौर्या को 6-0 से हराया। प्री-क्वार्टर फाइनल में नौवीं वरीयता प्राप्त अनुज कुमार को 6-2 से मात दी।
उन्होंने क्वार्टर फाइनल में पांचवीं वरीयता सानिध्य द्विवेदी को कड़े मुकाबले में 8-6 से पराजित किया। सेमीफाइनल में वरुण सिंह को 8-0 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। हनु वर्मा ने मेंस डबल में भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रयागराज के यश चड्ढा के साथ उनकी जोड़ी ने जबरदस्त तालमेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई।